उत्तराखंड में मौसम का बदला मिजाज, कई जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
देहरादून: उत्तराखंड में आज गुरुवार को मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक व 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना भी है।
मौसम विभाग ने हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल व चंपावत जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली चमकने व 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा व पिथौरागढ़ में भी गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान भी है। बागेश्वर व पिथौरागढ़ के कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश के दौर देखने को भी मिल सकते हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 1-2 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट भी आ सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों व पेड़ों के नीचे खड़े न होने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है।
देहरादून में भी आज आसमान बादलों से ही घिरा रहेगा। हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक, ओलावृष्टि व 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। तापमान अधिकतम 23°C व न्यूनतम 13°C के आसपास रहने का अनुमान है।