स्कूलों में बजेगी ‘वाटर बेल’, हीटवेव से बचाव के लिए सख्त निर्देश जारी
राज्य के सभी स्कूलों में अब नियमित अंतराल पर ‘वाटर बेल’ बजेगी व हीटवेव से निपटने के लिए स्कूल स्तर पर एक्शन प्लान तैयार भी किया जाएगा। मुख्य सचिव के निर्देशों के बावजूद आदेश लागू न होने पर खबर सामने आने के बाद शिक्षा महानिदेशक दीप्ति सिंह ने सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों को सख्त निर्देश भी जारी किए हैं।
निर्देशों में सभी स्कूलों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, कक्षाओं में पर्याप्त वेंटिलेशन रखने व ओआरएस और जरूरी दवाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है। साथ ही जरूरत पड़ने पर स्कूल समय में बदलाव किया भी जा सकेगा।
छात्र-छात्राओं को हीटवेव से बचाव की जानकारी देने, तेज धूप में खेलकूद गतिविधियां न कराने व छुट्टी के बाद उन्हें समूह में घर भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त ही नहीं की जाएगी।