Violent clash over land dispute in Bathinda; one youth dead, two critically injured.
बठिंडा के गांव हररायपुर में रविवार शाम जमीन विवाद को लेकर कुछ युवकों ने चार युवकों पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में हरप्रीत सिंह की मौत हो गई, जबकि जगसीर सिंह और लवप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सिविल अस्पताल बठिंडा में भर्ती कराया गया है।
थाना नेहीया वाला पुलिस ने मृतक के भाई सिकंदर सिंह के बयान पर अमनदीप सिंह उर्फ अमना, मनदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, तोशी सिंह, राजी प्रधान, हरिन्दर सिंह, मेला सिंह, जक्की, कौर सिंह, निक्का फौजी, मोटा, हरमन सिंह समेत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।
सिकंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि उसका भाई हरप्रीत सिंह अपने दोस्त जगसीर सिंह के पास गांव हररायपुर गया था। रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे हरप्रीत सिंह, जगसीर सिंह, लवप्रीत सिंह और लखवीर सिंह एक साथ खड़े थे। इसी दौरान अमनदीप सिंह उर्फ अमना अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचा और आते ही सभी पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
हमले में हरप्रीत सिंह, जगसीर सिंह और लवप्रीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल गोनियाना मंडी ले जाया गया, जहां से उन्हें सिविल अस्पताल बठिंडा रेफर कर दिया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने हरप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया।
भुच्चो के डीएसपी प्रितपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने सिकंदर सिंह के बयान पर 12 नामजद आरोपियों और एक अज्ञात युवक के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें प्रयास कर रही हैं।
डीएसपी के मुताबिक, जगसीर सिंह और अमनदीप सिंह उर्फ अमना के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। प्रारंभिक जांच में इसी विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
