Two more arrested in LPU violence case; 11 accused nabbed so far.
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) हिंसा मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान राजस्थान के मेहराटा निवासी योगेश अपूर्वा और उत्तर प्रदेश के हाजीपुर निवासी आदित्य के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर हिंसा के दौरान गाड़ियों में तोड़फोड़ करने का आरोप है। दोनों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी की जा रही है।
इससे पहले पुलिस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि कुल 20 लोगों को नामजद किया गया था। हिंसा के दौरान यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़, दुकानों में लूटपाट, पुलिस वाहनों में आगजनी और NH-44 को 18 घंटे से ज्यादा समय तक जाम करने के मामले सामने आए थे।
पुलिस ने पूरे मामले में 4 केस दर्ज किए हैं और जांच के लिए 8 सदस्यीय SIT का गठन किया गया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर लगातार गिरफ्तारियां कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ और फर्जी AI वीडियो फैलाने वालों के खिलाफ भी साइबर क्राइम कार्रवाई की गई है। करीब 300 पोस्ट हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है।
वहीं, सोशल मीडिया पर जिस छात्रा के साथ कथित रेप की बात वायरल हुई थी, उसने वीडियो जारी कर खुद को सुरक्षित बताया था और ऐसी किसी घटना से इनकार किया था। इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने भी पंजाब सरकार और पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 8 अक्टूबर को होगी।
