उत्तरकाशी: गंगोत्री हाईवे पर तीर्थयात्रियों की बस पलटी, 27 घायल
उत्तरकाशी – गंगोत्री हाईवे पर नालूपानी-धरासू के पास बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मध्यप्रदेश से गंगोत्री धाम की ओर जा रही तीर्थयात्रियों की बस अचानक ही अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस में सवार 41 यात्री यमुनोत्री धाम के दर्शन के बाद गंगोत्री की ओर रवाना हुए थे। हादसे में 27 तीर्थयात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए पीएचसी डुंडा भेजा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक नशे की हालत में था और मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन को चला रहा था। यात्रियों ने कई बार चालक से बस की रफ्तार कम करने की अपील भी की, लेकिन उसने अनसुनी कर दी। तीव्र मोड़ पर संतुलन खोने से बस पलट ही गई।
घटना के बाद तीर्थयात्रियों ने यात्रा रद्द करने का निर्णय भी लिया है और अब वापस लौट रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन ने तीर्थ यात्रियों की सुरक्षा को लेकर यात्रा में लगे ड्राइवरों की कड़ी निगरानी के निर्देश भी दिए हैं।