Champawat Woman dies after falling into a gorge while out in the forest to collect fodder; family left devastated.
चंपावत जिले के दूरस्थ ग्राम पंचायत पछनई में जंगल में चारा लेने गई 48 वर्षीय महिला की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। हादसा बुधवार देर शाम हुआ। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, पछनई निवासी रेवी देवी (48) पत्नी केदार सिंह बुधवार देर शाम अपनी एक साथी महिला के साथ पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरी खाई में जा गिरीं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ गई कलावती देवी ने घटना की सूचना ग्रामीणों को दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।
सूचना मिलते ही चल्थी चौकी प्रभारी राजेश कठायत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद परिजनों को सौंप दिया। ग्रामीण रमेश सिंह महराना के अनुसार, मृतका के चार बच्चे हैं। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
