भराड़ीसैंण में आज से बजट सत्र शुरू, विपक्ष के प्रदर्शन और कड़ी सुरक्षा के बीच पेश होगा बजट

कर्णप्रयाग/भराड़ीसैंण: उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र आज सोमवार से ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण विधानभवन में राज्यपाल के अभिभाषण के साथ ही शुरू होगा। धामी सरकार करीब 7 महीने बाद ग्रीष्मकालीन राजधानी पहुंच रही है। माना जा रहा है कि सरकार 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए इस सत्र में अहम बजट भी पेश करेगी।

सत्र के पहले दिन ही विपक्षी दलों और संगठनों के तेवर भी सड़कों पर देखने को भी मिलेंगे। उत्तराखंड क्रांति दल स्थायी राजधानी समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव कर प्रदर्शन भी करेगा, जिसमें राज्यभर से कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात भी कही जा रही है।

वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस 10 मार्च को अंकिता भंडारी हत्याकांड, मनरेगा समेत कई अन्य मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन भी करेगी। ऐसे में बजट सत्र के दौरान सड़क से लेकर सदन तक हंगामे के आसार भी हैं।

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था

बजट सत्र को देखते हुए विधानसभा परिसर व आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए है I अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरूगेशन ने ड्यूटी में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान चमोली के डीएम गौरव कुमार और एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने भी पुलिसकर्मियों को संबोधित भी किया।

सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में 4 अपर पुलिस अधीक्षक, 10 पुलिस उपाधीक्षक, 44 थाना प्रभारी, 90 उपनिरीक्षक, 32 महिला उपनिरीक्षक, 434 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 60 महिला आरक्षी, 38 यातायात पुलिसकर्मी व 207 सशस्त्र पुलिस जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा होमगार्ड, पीएसी, एटीएस, एसडीआरएफ, बीडीएस व हॉक टीम भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी।