Stunt on the roof of Mall of Dehradun, police issued challan – also warned the mall management
देहरादून – नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में स्थित मॉल ऑफ देहरादून की छत पर रैली कार और रेसर बाइक के जरिए स्टंट किए जाने की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत ही कार्रवाई की। सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी जोगीवाला अपनी टीम व चीता कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचने से पहले ही 2 बाइकों पर सवार युवक तेज एक्सीलेशन और धुआं निकालते हुए वहां से फरार ही हो चुके थे। पूछताछ में मॉल प्रबंधन ने बताया कि छत का उपयोग केवल पार्किंग के लिए ही दिया गया था और “रैली कार समूह” आमा कैफे में लंच के लिए पहुंचा था।
जांच में यह भी सामने आया कि इस कार्यक्रम का आयोजन “इन ड्राइव मोटर” समूह द्वारा ही किया गया था और मॉल प्रबंधन को केवल लंच और पार्किंग की जानकारी दी गई थी। लेकिन आयोजन के दौरान एक बाइक व एक कार सवार ने बर्नआउट करते हुए शोर और धुआं उत्पन्न किया, जिससे ध्वनि प्रदूषण और जन असुविधा भी हुई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए—
- आयोजकों के 10 व्यक्तियों का चालान धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत किया।
- मॉल प्रबंधन के 5 व्यक्तियों का चालान धारा 83 पुलिस एक्ट के तहत किया गया।
- स्टंट करने वाली मोटरसाइकिल और कार को मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत सीज किया गया।
साथ ही मॉल प्रबंधन को सख्त चेतावनी दी गई है कि भविष्य में बिना अनुमति इस प्रकार के आयोजन भी न किए जाएं।

