27 सूत्री मांगों को लेकर हड़ताली इंजीनियरों का प्रदर्शन, गौलापार स्टेडियम की दीवार निर्माण रुकवाया
हल्द्वानी: 27 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चल रहे इंजीनियरों ने सोमवार को विभिन्न निर्माण कार्यों पर गहरा रोष भी जताया। हड़ताल के 15वें दिन उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के पदाधिकारियों ने गौलापार स्टेडियम में बन रही सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य भी रुकवा दिया।
हड़ताली अभियंताओं का कहना है कि उनकी देखरेख के बिना कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता व सुरक्षा पर सवाल भी खड़े हो रहे हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि हड़ताल के दौरान जो भी निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं, उनकी गुणवत्ता की पूरी जिम्मेदारी संबंधित उच्चाधिकारियों की ही होगी।
इंजीनियरों ने सोमवार को गौलापार स्टेडियम की सुरक्षा दीवार, जमरानी परियोजना की नहर व काठगोदाम में निर्माणाधीन हिल डिपो समेत कई साइटों का निरीक्षण भी किया। उनका कहना है कि शहर में सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, उत्तराखंड पेयजल निर्माण इकाई व यूयूएसडीए के तहत 5200 से 5300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य चल रहे हैं।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि अभियंताओं के हड़ताल पर होने से इन कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी करने वाला कोई भी नहीं है। इसी के चलते उन्होंने कई साइटों पर निर्माण कार्य बंद कराने की मांग की व गौलापार स्टेडियम की सुरक्षा दीवार का काम मौके पर ही रुकवा दिया। बताया जा रहा है कि संबंधित ठेकेदार ने भी विभागीय उच्चाधिकारियों को काम रुकने की सूचना भी दे दी है।