Path to Kedarnath blocked by falling debris and rocks; pilgrims halted at Gaurikund.
केदारनाथ पैदल मार्ग पर शनिवार सुबह चीरबासा के पास मलबा और पत्थर गिरने से रास्ता अवरुद्ध हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने गौरीकुंड में ही श्रद्धालुओं को रोक दिया है। लोक निर्माण विभाग की टीम मजदूरों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग खोलने में जुटी है। मौके पर पुलिस बल और रेस्क्यू टीम भी तैनात है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि शनिवार सुबह 7:22 बजे सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड से चीरबासा में मार्ग बंद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद संबंधित विभागों को तत्काल सूचित कर मलबा हटाने का काम शुरू कराया गया।
उन्होंने बताया कि रास्ता पूरी तरह सुचारू होने तक यात्रियों को गौरीकुंड में ही रोका गया है। आपदा कंट्रोल रूम से यात्रा मार्ग की लगातार निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और मार्ग खुलने तक आगे न बढ़ें।
