Nainital Truck filled with cylinders fell into a deep ditch in Jeolikot, three people were rescued safely.
नैनीताल के ज्योलीकोट क्षेत्र में देर रात एक सिलिंडर से भरा ट्रक गहरी खाई में गिर गया, लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। जानकारी के मुताबिक, ट्रक (यूके 04 सीबी 3098) भवाली से हल्द्वानी की ओर जा रहा था। जब वह ज्योलीकोट में पुलिस चेक पोस्ट के पास पहुंचा, तो चालक को हल्की झपकी आई और ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। ट्रक की चपेट में आकर सड़क किनारे खड़ी एक सीज पिकअप भी खाई में गिर गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस की टीम ने ट्रक में सवार तीनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला। एसओ रमेश बोरा ने बताया कि ट्रक में सवार चालक गोविंद सिंह गुरना (पिथौरागढ़), तितेंद्र सिंह (पाली कनालीछीना, पिथौरागढ़) और मोहित जकरिया (मोटाहल्दू, भगवानपुर हल्द्वानी) सभी सुरक्षित हैं। उन्हें बाद में निजी वाहन से हल्द्वानी भेज दिया गया।
चालक के मुताबिक, ट्रक में खाली सिलिंडर भरे हुए थे, जिससे बड़े हादसे का खतरा टल गया।
रेस्क्यू अभियान में ज्योलीकोट चौकी के कांस्टेबल चनीराम आर्य, मलकीत कंबोज, धर्मेंद्र साहनी, दीपक जोशी और होमगार्ड ओम प्रकाश शामिल थे। इसके अलावा, एसडीआरएफ की टीम ने भी 3 व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
