हल्द्वानी के स्कूल में भीषण आग, दो बसें और जनरेटर जलकर खाक; 30 लाख का नुकसान
हल्द्वानी के हीरानगर स्थित केवीएम स्कूल में मंगलवार शाम भीषण आग लगने से 2 स्कूल बसें व एक जनरेटर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया, जो कई किलोमीटर दूर से दिखाई दिया। घटना से क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल भी बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शाम करीब 6:40 बजे एक स्कूल बस को स्टार्ट करते समय शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग ने पास में खड़ी दूसरी बस व जनरेटर को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें स्कूल भवन तक पहुंच गईं और कुछ कमरों की ओर को फैलने लगीं।
सूचना मिलने पर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं व करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू भी पाया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन स्कूल प्रबंधन के अनुसार करीब 30 लाख रुपये का नुकसान भी हुआ है।
घटना के बाद प्रशासन व फायर विभाग ने स्कूल की अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं घनी आबादी व संकरी गलियों में संचालित स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का आकलन व फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाएगा।