Major crackdown on electricity theft in Kashipur; theft detected at over 80 locations.
उत्तराखंड के काशीपुर में बिजली चोरी के खिलाफ विजिलेंस और ऊर्जा विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार सुबह बरखेड़ी पांडे, कटईया और लोहिया गांव क्षेत्र में शुरू हुई छापेमारी के दौरान 80 से अधिक स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। इन जगहों पर अवैध रूप से कटिया डालकर और मीटर बाईपास करके बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था।
संयुक्त टीम के पहुंचते ही इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि कई लोगों ने कार्रवाई से बचने के लिए कटिया हटाकर भागने की कोशिश की। हालांकि, टीम ने मौके पर वीडियोग्राफी कर बिजली चोरी का आकलन किया। पकड़े गए सभी मामलों में जुर्माना लगाने के साथ एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
विभाग की यह कार्रवाई प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष बिजली चोरी विरोधी अभियान का हिस्सा है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, उत्तराखंड में एटीएंडसी लॉस और बिजली चोरी के कारण हर साल करीब 1,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है।
यूपीसीएल के कुमाऊं चीफ शेखर त्रिपाठी ने बताया कि कुमाऊं मंडल के हल्द्वानी, रामनगर और काशीपुर में अब तक बिजली चोरी के 250 से अधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी है।
ऊर्जा विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बिजली का इस्तेमाल वैध कनेक्शन के माध्यम से ही करें और अवैध तरीके से बिजली का उपयोग करने से बचें। विभाग ने चेतावनी दी है कि बिजली चोरी पकड़े जाने पर जुर्माने के साथ आपराधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
