लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने महानवमी के अवसर पर राजभवन में कन्याओं का किया पूजन

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने आज शुक्रवार को राजभवन में सपरिवार शारदीय नवरात्रि की महानवमी के अवसर पर राजभवन में पूरे विधि-विधान से देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन किया। राज्यपाल ने सभी प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की, और इस पर्व के माध्यम से समाज में नारी शक्ति के सम्मान को और मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा की आज का दिन हमारी बेटियों के लिए और भी खास है क्योंकि अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस और नवमी दोनों एक ही दिन मनाए जा रहे हैं। बेटियां सुरक्षित हैं तो हमारा कल सुरक्षित है। इस शुभ अवसर पर हम नारी शक्ति का सम्मान करते हुए बेटियों के अधिकार, शिक्षा व उनकी सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लें।