Kedarpuri blanketed in a white sheet of snow; the enthusiasm of pilgrims remains undiminished despite the cold.
केदारनाथ धाम में एक बार फिर बर्फबारी हुई है। रात और तड़के हुई बर्फबारी के बाद पूरी केदारपुरी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है। बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियां और चारों ओर फैली सफेदी धाम की खूबसूरती को और भी आकर्षक बना रही है।
बर्फबारी और बढ़ती ठंड के बावजूद बाबा केदार के भक्तों का उत्साह कम नहीं हुआ है। श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ बाबा के दर्शन कर रहे हैं। बर्फबारी थमने के बाद धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला लगातार जारी है।
कोई पैदल यात्रा कर तो कोई घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी और हेलीकॉप्टर के जरिए केदारनाथ पहुंच रहा है। श्रद्धालु बाबा के दर्शन के साथ धाम के दिव्य वातावरण और प्राकृतिक खूबसूरती का भी आनंद ले रहे हैं।
वहीं, वर्ष 2026 की केदारनाथ यात्रा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। आगामी 11 नवंबर को धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इस साल अब तक कुल 18 लाख 80 हजार 398 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा के अंतिम दिनों में भी भक्तों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।
