Double murder causes a stir in Bageshwar; young man kills his uncle and aunt
बागेश्वर के बैजनाथ कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह दोहरे हत्याकांड से हड़कंप मच गया। नरगवाड़ी गांव में एक युवक ने अपने ही चाचा और चाची पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के मुताबिक, नरगवाड़ी गांव निवासी गोविंद बल्लभ खोलिया ने देर रात अपने चाचा पूरन चंद्र खोलिया और चाची भगवती देवी पर हमला किया था। घटना के दौरान एक महिला किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।
घटना की सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो उसकी तलाश में जुटी हैं।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हत्या की असली वजह आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
