केदारताल में अब भी जमी है बर्फ, मैदानों में गर्मी से लोग बेहाल
जहां एक ओर मैदानी इलाकों में तापमान 40 से 45 डिग्री तक भी पहुंच चुका है, वहीं पहाड़ों में भी गर्मी का असर साफ ही दिखाई दे रहा है। लेकिन उत्तरकाशी की गंगोत्री घाटी से हैरान करने वाली तस्वीर भी सामने आई है।
समुद्र तल से करीब 15,580 फीट की ऊंचाई पर स्थित केदारताल झील अब भी पूरी तरह बर्फ से ही जमी हुई है। गंगोत्री रेंज के रेंज अधिकारी यशवंत चौहान ने बताया कि दिन में तेज धूप के बावजूद रात के समय तापमान माइनस में भी पहुंच रहा है।
करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में फैली यह झील थलयसागर व मृगुपंथ चोटी की तलहटी में स्थित है व केदारगंगा नदी का उद्गम स्थल मानी जाती है।
गंगोत्री से केदारताल तक 18 किलोमीटर लंबा ट्रैक इन दिनों ट्रैकर्स व पर्वतारोहियों को खूब आकर्षित कर रहा है। रोजाना 20 से 30 पर्वतारोही यहां पहुंच रहे हैं, जिससे स्थानीय युवाओं व ट्रैकिंग व्यवसाय को भी फायदा मिल रहा है। हालांकि, कुछ जगहों पर बर्फबारी के कारण रास्ता क्षतिग्रस्त होने की सूचना भी है।