IT Park land dispute Mahendra Bhatt calls Congress's allegations misleading and politically motivated
देहरादून: बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने आईटी पार्क में उद्योगों के लिए आबंटित भूमि को प्लॉटिंग में उपयोग करने के आरोपों को भ्रामक व बेबुनियाद करार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा लगाए गए आरोप सिर्फ राजनीतिक नकारात्मकता पर आधारित हैं व वास्तविक तथ्य के विपरीत हैं।
भट्ट ने बताया कि जिस भूमि की बात कांग्रेस अध्यक्ष कर रहे हैं, वह 2012 में कांग्रेस सरकार द्वारा जीटीएम बिल्डर्स, आरबीआई व नाबार्ड को आवंटित की गई थी। नाबार्ड व आरबीआई द्वारा समय पर भूमि का उपयोग न होने के कारण सिडकुल ने भूमि का आवंटन निरस्त कर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत R-1 और R-2 प्लॉट के लिए ई-निविदा प्रकाशित भी की। इसके अंतर्गत अधिकतम बोलीदाता को भूमि आवंटित भी की गई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आईटी पार्क के R-1 और R-2 प्लॉट का उद्देश्य “आवासीय प्रयोजन” के लिए निर्धारित था व यह भूमि आईटी पार्क से पृथक है। भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों जैसे हरिद्वार, पंतनगर व सितारगंज में भी औद्योगिक भूमि के साथ आवासीय, व्यावसायिक और संस्थागत विकास के लिए भूखंड आवंटित भी किए जाते हैं।
भट्ट ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस सरकार ने स्वयं 2012 में भूमि आवंटित की थी, तो आज आरोप लगाना तथ्यों के विरुद्ध व राजनीति प्रेरित है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस को यह तय करना चाहिए कि अवस्था तब गलत थी या अब आरोप झूठ ही हैं।
भट्ट ने यह भी कहा कि वर्तमान प्रक्रिया में सिडकुल द्वारा नियमों का पूर्ण पालन किया गया व भूमि का आवंटन पारदर्शिता और उच्चतम बोलीदाता को देने की प्रक्रिया के तहत ही हुआ।
