वोटर लिस्ट से मृतकों के नाम और विवाह के बाद दूसरी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता पहचान पत्र बनने वाली महिलाओं के नाम हटाने के निर्देश

आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने मतदाताओं के सत्यापन के लिए बीएलओ की ड्यूटी लगा दी है। इन्हें वोटर लिस्ट से मृतकों के नाम और विवाह के बाद दूसरी विधानसभा क्षेत्र की मतदाता पहचान पत्र बनने वाली महिलाओं के नाम हटाने के निर्देश दिए गए हैं। 2022 में हुए विस चुनाव में खटीमा क्षेत्र में 1,20,145 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें 60,880 पुरुष और 59,260 महिला मतदाता थीं। चुनाव में 77 फीसदी लोगों ने मतदान किया। एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मतदाताओं का सही प्रकार से सत्यापन न होने के कारण कई बार अधिक मतदान होने के बावजूद प्रतिशत कम रहता है। कई बार मृतकों के नाम लिस्ट से नहीं हटाए जाते। इसके अलावा विवाह के बाद महिलाओं के नाम पुरानी वोटर लिस्ट में शामिल रहते हैं। इसलिए मतदाताओं का सही प्रकार से सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं।