विधानसभा सत्र बढ़ाने के संकेत, विपक्ष के हर सवाल का देंगे जवाब: सीएम धामी

गैरसैंण: उत्तराखंड विधानसभा सत्र की अवधि भी बढ़ाई जा सकती है। बुधवार को राज्यपाल अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने सदन में सत्र की अवधि बढ़ाने के संकेत भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो शनिवार को सदन की कार्यवाही भी चलाई जा सकती है। इसके बाद रविवार को अवकाश रखते हुए सोमवार को फिर से महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा भी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जितनी चर्चा चाहता है, सरकार उसके लिए तैयार है और विपक्ष के हर सवाल का जवाब भी दिया जाएगा।

सीएम धामी ने कहा कि विपक्ष लगातार आरोप लगा रहा है कि सरकार सदन नहीं चलाना चाहती, जबकि हकीकत यह है कि पिछले 4 वर्षों में भराड़ीसैंण में सबसे अधिक विधानसभा सत्र आयोजित भी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में सत्रों की संख्या और भी बढ़ाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि फिलहाल सत्र शुक्रवार तक ही निर्धारित है, लेकिन आवश्यकता पड़ने पर इसे आगे बढ़ाया भी जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष के हर मुद्दे पर चर्चा करने को तैयार है और किसी भी सवाल से पीछे भी नहीं हटेगी।

सीएम ने यह भी कहा कि पहाड़ की उम्मीद व स्वाभिमान का प्रतीक गैरसैंण सरकार के दिल में बसता है। यही कारण है कि विधानसभा सत्र के अलावा भी सरकार यहां कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम भी आयोजित कर चुकी है।