Heat increased during the day, night temperature is normal, know the weather of the coming days
प्रदेश के मैदानी इलाकों में चटक धूप के कारण गर्मी का असर भी बढ़ने लगा है। इसके साथ ही रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य होने से ठंड का अहसास भी कम हो गया है। तेज धूप के चलते दिन के अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है, जिससे अब गर्मी भी महसूस होने लगी है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश भर में मौसम भी शुष्क रहेगा और चटक धूप के कारण मैदान से लेकर पहाड़ तक तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मार्च के अंत तक यह बढ़ोतरी और अधिक हो सकती है, जिससे दिन के समय गर्मी बढ़ने की संभावना भी है।
वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र ने आज (शनिवार) पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। उत्तरकाशी, चमोली व पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क ही रहेगा।
तापमान की बात करें तो शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक बढ़कर 30 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री के साथ सामान्य भी रहा।
