Fire broke out during havan in Kankhal Ashram, servant got burnt; Police and fire brigade carried out rescue work
कनखल थाना क्षेत्र के एक आश्रम में गुरुवार को हवन के दौरान आग लग गई, जिससे कमरे में आराम कर रहे आश्रम के सेवक भी झुलस गए। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। घायल सेवक को तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, भुवन इंक्लेव राजा गार्डन में स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर और दुर्गा मंदिर के पास एक छोटा आश्रम भी बनाया गया है, जहां मन कामेश्वर गिरी सेवक के रूप में रहते हैं। गुरुवार को मन कामेश्वर गिरी ने अपने कमरे में हवन किया और बाद में आराम करने लगे। इसी दौरान हवन से गद्दों में आग लग गई, जो देखते ही देखते बढ़ गई और सेवक को झुलसा दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल, जगजीतपुर चौकी प्रभारी चरण सिंह चौहान और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाते हुए सेवक को बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। यहां से उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। एसओ मनोज नौटियाल ने बताया कि आग हवन के दौरान लगी थी और सेवक की हालत अब खतरे से बाहर भी है।
