Father convicted of raping his daughter sentenced to life imprisonment; court imposes a fine of ₹35,000.
उत्तर प्रदेश के बरेली में बेटी से दुष्कर्म के दोषी पिता को अदालत ने बुधवार को उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोषी पर 35 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माने की राशि में से 20 हजार रुपये पीड़िता को दिए जाएंगे। फैसला सुनाते हुए अदालत ने आरोपी के कृत्य को गंभीर विश्वासघात और पारिवारिक व्यवस्था को झकझोरने वाला अपराध बताया।
मामला वर्ष 2024 का है। पीड़िता ने सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि एक दिन वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान उसके पिता ने चाकू दिखाकर उसे धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती ने पुलिस को यह भी बताया था कि जब वह नाबालिग थी, तब भी उसके पिता ने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया था। शिकायत के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से अदालत में सात गवाह पेश किए गए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों पर विचार करने के बाद पॉक्सो एक्ट के विशेष न्यायाधीश नरेंद्र प्रकाश ने आरोपी को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।
अदालत ने पिता के कृत्य को बताया गंभीर विश्वासघात
फैसला सुनाते हुए विशेष न्यायाधीश नरेंद्र प्रकाश ने कहा कि यह एक पिता की ओर से अपनी ही संतान के प्रति किए गए गंभीर विश्वासघात का निंदनीय उदाहरण है। इस तरह के कृत्य समाज की नैतिक और पारिवारिक व्यवस्था की जड़ों को हिलाने वाले हैं।
अदालत ने टिप्पणी की कि पिता का दायित्व अपनी संतान को सुरक्षा देना, उसकी गरिमा की रक्षा करना और उसके शारीरिक व मानसिक विकास के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना होता है। लेकिन अभियुक्त ने अपने इसी पवित्र दायित्व का दुरुपयोग करते हुए अपनी पुत्री के साथ जघन्य अपराध किया।
न्यायालय ने कहा कि इस अपराध का पीड़िता के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य पर गंभीर एवं दीर्घकालिक प्रभाव पड़ने की आशंका है। अपराध की गंभीरता, वारदात के तरीके और समाज पर पड़ने वाले प्रभाव को ध्यान में रखते हुए अदालत ने दोषी को उम्रकैद की सजा सुनाई।
