Major drop in gold and silver prices; silver becomes cheaper by ₹8,300 and gold by ₹3,400
सोना और चांदी की कीमतों में बुधवार को जोरदार गिरावट दर्ज की गई। चांदी के भाव में 8,300 रुपये प्रति किलोग्राम और सोने की कीमत में 3,400 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आई। इसके बाद सोने का भाव 1,25,100 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 1,48,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। वहीं, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना 1,20,700 रुपये और चांदी 1,42,300 रुपये के स्तर पर पहुंच गई।
दिवाली के बाद से लगातार नीचे आए भाव
आठ नवंबर को दिवाली के दिन शहर में चांदी का भाव 1,91,000 रुपये प्रति किलोग्राम और सोने का भाव 1,45,500 रुपये प्रति 10 ग्राम था। इसके बाद सोमवार 23 नवंबर को चांदी की कीमत घटकर 1,57,000 रुपये प्रति किलोग्राम और सोने की कीमत 1,28,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई थी। मंगलवार को बाजार बंद रहने के बाद बुधवार को कारोबार खुला तो दोनों कीमती धातुओं के भाव में फिर बड़ी गिरावट देखने को मिली।
दिवाली से अब तक चांदी की कीमत में 42,300 रुपये प्रति किलोग्राम और सोने की कीमत में 20,400 रुपये प्रति 10 ग्राम की कमी आ चुकी है।
डॉलर की मजबूती और कमजोर मांग का असर
उत्तर प्रदेश सराफा एसोसिएशन के मंत्री रामकिशोर मिश्रा के मुताबिक, अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावनाओं और कड़े मौद्रिक रुख के चलते डॉलर मजबूत हुआ है। इससे अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड में भी उछाल आया है। नतीजतन, सोने और चांदी जैसी गैर-ब्याज देने वाली धातुओं में निवेशकों का आकर्षण कम हुआ है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर मजबूत होने से दूसरी मुद्राओं में कारोबार करने वाले खरीदारों के लिए सोना-चांदी महंगा हो जाता है। इसके अलावा चीन और अन्य प्रमुख बाजारों से मांग में सुस्ती का भी कीमतों पर असर पड़ा है। खासतौर पर सोलर पैनल और बैटरी जैसे उद्योगों में चांदी की खपत घटने से इसकी कीमतों में सोने के मुकाबले ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है।
