हर गांव में बनेगी फार्मर रजिस्ट्री, राजस्व परिषद ने दिए निर्देश
देहरादून। राजस्व परिषद ने जिला प्रशासन को हर गांव में फार्मर रजिस्ट्री तैयार करने का काम भी शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए गांवों में शिविर लगाए जाएंगे, जिन पर प्रति शिविर 15 हजार रुपये की राशि भी खर्च की जाएगी।
राजस्व विभाग के अनुसार, अब खतौनी में खातेदार व सहखातेदार के अंश का स्पष्ट उल्लेख भी किया जाएगा। अंश निर्धारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद फार्मर रजिस्ट्री भी बनाई जाएगी, जिसमें प्रत्येक किसान की यूनिक आईडी होगी। इस रजिस्ट्री में किसान का नाम, राज्य में मौजूद उसकी भूमि का विवरण, किसान क्रेडिट कार्ड व सरकारी योजनाओं का लाभ भी दर्ज किया जाएगा।
राजस्व परिषद की सचिव रंजना राजगुरु ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री को लेकर जिला प्रशासन के साथ बैठक भी हो चुकी है और कार्य शुरू करने के निर्देश भी दे दिए गए हैं। राजस्व व कृषि विभाग के सहयोग से गांवों में शिविर लगाए जाएंगे, जहां किसान मौके पर ही प्रक्रिया भी पूरी कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि खतौनी में अंश निर्धारण के कार्य की रोजाना समीक्षा भी की जा रही है, जबकि फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा भी की जाएगी।