कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं तेज, चार पद खाली, दो मंत्रियों पर विचार
उत्तराखंड में कैबिनेट विस्तार की सुगबुगाहट, चार पदों पर हो सकती है नियुक्ति
देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी की कैबिनेट में 4 पद लंबे समय से खाली हैं, और भाजपा के सूत्रों के अनुसार, इन खाली पदों को भरने के साथ-साथ कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी हो सकता है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी इस बारे में संकेत दिए हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय केंद्रीय नेतृत्व द्वारा ही लिया जाएगा। भट्ट का कहना था, “किसे रखना है और किसे हटाना है, यह केंद्रीय नेतृत्व का मामला है। मंत्रालय के विस्तार को लेकर अंतिम निर्णय केंद्र को ही लेना होता है।” भट्ट ने यह भी कहा कि कैबिनेट विस्तार की संभावना हमेशा बनी रहती है और ऐसा किसी भी समय हो सकता है।
भट्ट के इस बयान से यह कयास और भी मजबूत हुए हैं कि कैबिनेट विस्तार जल्द ही हो सकता है। प्रदेश में लंबे समय से कैबिनेट विस्तार का प्रस्ताव भी चला आ रहा है, लेकिन हर बार इस मुद्दे पर चर्चा होती है और फिर वह ठंडा भी पड़ जाती है। विशेष रूप से मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के दौरान कैबिनेट विस्तार की अटकलें भी बढ़ जाती हैं। माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी न मिलने के कारण ही विस्तार में देरी भी हो रही है।
धामी कैबिनेट में 4 पद खाली हैं, जिनमें से 2 पदों पर नए नामों के आने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा, पूर्व कैबिनेट मंत्री चंदन राम दास के निधन के बाद इन खाली पदों की संख्या बढ़कर 4 हो गई है। सूत्रों के अनुसार, एक कैबिनेट मंत्री के प्रदर्शन के आधार पर उनकी जगह भी बदली जा सकती है। वर्तमान में, कुछ और मंत्रियों के विभागों में बदलाव को लेकर भी अब चर्चा चल रही है।