Dead bodies of laborer and woman found There is suspicion of suicide in love affair, this is what people said
रामनगर के ग्राम मालधन स्थित पटरानी क्षेत्र में गुरुवार को एक मजदूर ने अपने घर में फंदे से लटककर जान दे दी। मकान के नजदीक ही झाड़ियों में एक महिला का शव भी मिला। पुलिस को दोनों के बीच प्रेमप्रसंग की बात भी पता चली है। माना जा रहा है कि महिला की मौत की खबर मिलने के बाद मजदूर ने खुदकुशी कर ली। महिला के भी जहर खाकर आत्महत्या करने की बात भी सामने आ रही है।
गुरुवार सुबह पुलिस को दोनों लोगों की मौत की सूचना कुछ ही अंतराल पर मिली। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि झाड़ियों में मिली महिला 55 वर्ष की थी और वह पटरानी की ही रहने वाली थी। नजदीक के मकान में ही सुरेश राम (45) का शव पंखे में डाले गए फंदे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार घटना के वक्त पत्नी और दोनों बच्चे घर में सो रहे थे। जांच में सामने आया कि महिला के 4 बच्चे हैं। उसका पति भी मेहनत मजदूरी करता है।
सुरेश के 2 बेटों में से दीपक दिव्यांग है, दूसरा नवीन मजदूरी करता है। पुलिस के मुताबिक लोगों ने बताया कि सुरेश और महिला 5 सालों में कई बार साथ घूमते देखे गए। पुलिस मामला में प्रेमप्रसंग में आत्महत्या का किया जाना मानकर जांच को कर रही है। दोनों के परिजनों से पूछताछ भी की जा रही है। शवों का पोस्टमार्टम पैनल के माध्यम से भी कराया गया। महिला का विसरा जांच के लिए भेजा गया है।
महिला व पुरुष की मौत के मामले की जांच की जा रही है। साथ ही उनके परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई भी की जाएगी। – नितिन लोहनी, सीओ हल्द्वानी
