अंकिता हत्याकांड को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, सीबीआई जांच की मांग तेज
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस ने राज्यभर में अब प्रदर्शन तेज कर दिए हैं। रुद्रप्रयाग में न्याय बचाओ यात्रा के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हत्याकांड में शामिल एक वीआईपी को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि जब तक मामले की सीबीआई जांच नहीं होती और कथित वीआईपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया जाता, तब तक कांग्रेस की यह लड़ाई जारी ही रहेगी। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि बीजेपी शासन में हालात बिगड़ चुके हैं।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय बीजेपी कांग्रेस का पुतला दहन कर रही है। उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड का किसी चुनाव से कोई संबंध ही नहीं है और कांग्रेस शुरुआत से ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि हालिया ऑडियो सामने आने के बाद प्रदेश में आक्रोश है और निष्पक्ष जांच और सीबीआई जांच की मांग तेज हो गई है।