कालाढूंगी में शादी समारोह के दौरान छज्जा टूटा, छह लोग घायल

कालाढूंगी: वार्ड नंबर 3 में एक विवाह समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पड़ोसी मकान का छज्जा अचानक ही टूटने से उस पर खड़े 6 लोग नीचे गिरकर घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के एसटीएच अस्पताल में रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक घटना सोमवार शाम करीब पौने नौ बजे हुई, वार्ड नंबर 3 में एक घर में शादी समारोह चल रहा था और बरात आने से पहले जश्न का माहौल भी था। इसी दौरान कुछ लोग पास के मकान के छज्जे पर खड़े होकर कार्यक्रम भी देख रहे थे। अचानक छज्जा भरभराकर टूट गया व उस पर मौजूद लोग नीचे ही गिर पड़े।

हादसे में 35 वर्षीय रेशमा, 30 वर्षीय आसमा, 21 वर्षीय सकीना, 36 वर्षीय सबीना, 4 वर्षीय लाईबा नूर व आदिल घायल हुए हैं। सभी को पहले सीएचसी कालाढूंगी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद निजी वाहनों से एसटीएच हल्द्वानी में भेजा गया।

पूर्व सभासद मोहम्मद दानिश ने आरोप लगाया कि 108 एंबुलेंस को कॉल करने के बावजूद करीब 1 घंटे तक मदद नहीं पहुंची, जिसके बाद उन्होंने खुद निजी वाहनों की व्यवस्था कर घायलों को अस्पताल में पहुंचाया। वहीं एसएसआई पंकज जोशी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच भी कर रही है।