A helicopter returning from Badrinath to Dehradun has crashed on Hathi Parvat; 6 people, including the pilot, were on board.
बद्रीनाथ धाम से दर्शन कर देहरादून लौट रहा एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार को चमोली जिले में हाथी पर्वत की पहाड़ियों में क्रैश हो गया। हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:15 बजे बद्रीनाथ हेलीपैड से उड़ान भरी थी। हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया।
अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। सूचना मिलते ही तहसील प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस और आईटीबीपी की टीमों को सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के लिए रवाना कर दिया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर की पहचान चार्ली एचसीएक्स कंपनी के ‘शिव भोले’ हेलीकॉप्टर के रूप में हुई है। कंपनी के मालिक सुधीर गुलाटी दिल्ली के बताए जा रहे हैं।
हेलीकॉप्टर में सवार छह लोगों के नाम अरुण सातुंके, शंकर गोड़ा, सुधीर के., एचएस नागराजा, प्रताप और केएन हिमांशु सबरवाल बताए जा रहे हैं। हालांकि, यात्रियों के नाम और उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फिलहाल प्रशासन और बचाव दल घटनास्थल तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। हादसे के बाद हेलीकॉप्टर में सवार छह लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
