Controversial video emerges in Lucky Thakur murder case; four days before the killing, the victim's brother was stopped and questioned while riding a scooter.
जालंधर के प्रॉपर्टी कारोबारी लक्की ठाकुर उर्फ लक्की खोखा की हत्या के मामले में विवाद की वजह बना एक वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो हत्या से चार दिन पहले बनाया गया था। हालांकि, इस वायरल वीडियो की संवाद एजेंसी पुष्टि नहीं करती है।
वीडियो में शिवसेना नेता नरिंदर थापर के बेटे रंजम थापर और उसके कुछ साथी लक्की के भाई की स्कूटी रोकते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वे स्कूटी में मौजूद शराब की जांच करते हैं और लक्की के भाई पर शराब बेचने के आरोप लगाते हैं। बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद लक्की ठाकुर ने रंजम और उसके साथियों को धमकी दी थी कि वे दोबारा उसके भाई को न रोकें और उनके काम में दखल न दें। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।
वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया गया था, जिसमें लक्की के भाई पर शराब की तस्करी के आरोप लगाए गए थे। दूसरी तरफ, आरोप है कि लक्की ने भी रंजम और उसके साथियों को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लक्की को इस बात पर भी आपत्ति थी कि विरोधी पक्ष के लोग उसके बेटे को अपने साथ बैठाते हैं। उसे आशंका थी कि कहीं उसका बेटा नशे की गिरफ्त में न आ जाए।
हालांकि, हत्या के पीछे विवादित वीडियो ही एकमात्र वजह थी या कोई अन्य कारण भी था, इसकी पुलिस जांच कर रही है। लक्की की 24 नवंबर को तेजधार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, लक्की पहले एक हत्या के मामले में 10 साल की सजा काट चुका था और आरोपियों को उससे डर था। हालांकि, हत्या की असल वजह और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, नामजद रंजम थापर और कुछ अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। लक्की का शव सिविल अस्पताल जालंधर के शवगृह में रखा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना है।
