Accused in a ₹500 million (50 crore) fraud case caught performing 'kirtan' at a wedding; had been on the run for 9 years and had changed his appearance twice.
पंजाब के बठिंडा में 50 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में नौ साल से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी राम सिंह शादी समारोह में कीर्तन कर रहा था। उसने पुलिस से बचने के लिए अपना हुलिया बदल लिया था। दाढ़ी बढ़ाकर और अमृतधारी सिख का रूप धारण कर वह लोगों के बीच रह रहा था। हालांकि, जिन लोगों से उसने 18 प्रतिशत सालाना ब्याज का लालच देकर करोड़ों रुपये ठगे थे, उनमें से एक ने उसे पहचान लिया। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इंसाफ की लहर खातेदार वेलफेयर सोसाइटी के चेयरमैन गुरभेज सिंह के मुताबिक, राम सिंह पिछले नौ साल से फरार था। ठगी के बाद पीड़ितों ने संस्था बनाकर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। आरोपी मूल रूप से भगता भाईका के गांव न्योर का रहने वाला है। 21 नवंबर को उन्हें सूचना मिली कि राम सिंह अपने गांव आया हुआ है और अपने भाई के ससुर के घर गांव महिमा भगवाना में शादी समारोह में शामिल होने वाला है। गुरभेज सिंह वहां पहुंचे तो आरोपी बदले हुए हुलिए में नजर आया, लेकिन उन्होंने उसे पहचान लिया।
एसएसपी को दी सूचना, शादी समारोह में पहुंची पुलिस
गुरभेज सिंह ने तुरंत बठिंडा के एसएसपी को इसकी जानकारी दी। एसएसपी ने कार्रवाई के लिए डीएसपी को जिम्मेदारी सौंपी। 22 नवंबर की सुबह पुलिस टीम सिविल वर्दी में शादी वाले घर पहुंच गई। वहां काफी संख्या में मेहमान मौजूद थे। शादी समारोह में हंगामा न हो, इसलिए पुलिस ने आरोपी पर नजर रखनी शुरू कर दी।
दोपहर करीब एक बजे राम सिंह शादी वाले घर से निकलकर गुरुद्वारे पहुंचा, जहां शादी के उपलक्ष्य में कीर्तन चल रहा था। वह खुद भी कीर्तन करने लगा। पुलिस ने गुरुद्वारे के भीतर कार्रवाई करने के बजाय बाहर उसका इंतजार किया। करीब ढाई बजे जैसे ही वह बाहर निकला, पुलिस ने उसे दबोच लिया और थाने ले गई।
जीरकपुर में छिपा रहा आरोपी, दो बार बदला हुलिया
बठिंडा पुलिस की जांच के मुताबिक, राम सिंह पिछले नौ साल से जीरकपुर में छिपा हुआ था। जब वह कंपनी के जरिए लोगों से निवेश करवा रहा था, तब पगड़ी पहनता था और छोटी दाढ़ी रखता था। फरार होने के बाद उसने बाल छोटे करवा लिए थे। अब उसने फिर से दाढ़ी बढ़ा ली और अमृतधारी सिख की तरह गात्रा पहनने लगा था। वह कीर्तनिए की पहचान के सहारे पुलिस से बच रहा था।
2012 में बनाई थी कंपनी, कई शहरों में खोली शाखाएं
साल 2012 में अमरजीत सिंह ढींगरा, राम सिंह और नवजीत सिंह ने मिलकर सरव एग्रो इंडिया लिमिटेड नाम से कंपनी बनाई थी। इसका मुख्य कार्यालय बठिंडा के गुरु गोबिंद सिंह नगर स्थित निर्मल कॉम्प्लेक्स में था। बाद में कंपनी ने पंजाब के कई शहरों में अपनी शाखाएं खोलीं।
मशरूम फार्म और होटल दिखाकर जीता निवेशकों का भरोसा
कंपनी ने बठिंडा के गांव महिमा सरजा में तीन मशरूम फार्म और एक खाद प्लांट बनाया था। इसके अलावा मधुमक्खी पालन और एक होटल को भी अपने कारोबार का हिस्सा बताया था। कंपनी ने इसके लिए पंजाब नेशनल बैंक और एक निजी वित्तीय संस्थान से कर्ज लिया था। विदेश से मशीनें भी मंगवाई गई थीं।
कंपनी के संचालक लोगों को अपने फार्म दिखाते थे और होटलों में बैठकें आयोजित कर निवेश के लिए प्रेरित करते थे। इससे निवेशकों को लगता था कि कंपनी का वास्तविक कारोबार है और उनका पैसा सुरक्षित रहेगा। कंपनी की ओर से 18 प्रतिशत सालाना ब्याज देने का वादा किया जाता था। लोगों को उदाहरण देकर बताया जाता था कि 30 हजार रुपये निवेश करने पर पांच साल बाद 99 हजार रुपये मिलेंगे।
कई तरह की स्कीम चलाकर जमा कराए पैसे
कंपनी ने निवेशकों को आकर्षित करने के लिए अलग-अलग योजनाएं शुरू की थीं। एक योजना के तहत लोगों से हर महीने एक हजार रुपये जमा कराने को कहा जाता था। छह साल तक कुल 72 किश्तों में 72 हजार रुपये जमा कराने पर मैच्योरिटी के समय 1 लाख 29 हजार 600 रुपये लौटाने का वादा किया जाता था।
इसके अलावा कंपनी ने बकरी, बछड़े और गाय खरीदने-बेचने का मॉडल भी पेश किया था। बरनाला रोड स्थित एक नामी होटल को भी अपने कारोबार का हिस्सा बताकर प्रचारित किया जाता था। कंपनी के एजेंट लोगों को एफडी, आरडी और ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 18 प्रतिशत सालाना ब्याज देने का लालच देते थे।
2016-17 में कंपनी संचालक हुए फरार, बंद हो गया कार्यालय
आरोप है कि वर्ष 2016-17 में कंपनी के संचालक निवेशकों का पैसा लेकर फरार हो गए। वर्ष 2017 में बठिंडा स्थित कंपनी का कार्यालय भी बंद कर दिया गया। जब निवेशकों ने अपनी जमा पूंजी वापस मांगी तो उन्हें रकम नहीं मिली। कंपनी के कार्यालय पर ताले लग गए और मशरूम फार्म भी बैंक के कब्जे में चले गए, क्योंकि कंपनी कर्ज की किश्तें नहीं चुका पा रही थी।
निवेशकों की शिकायत पर दर्ज हुई थी एफआईआर
इस मामले में निवेशकों की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। इसमें अमरजीत सिंह ढींगरा, राम सिंह, नवजीत सिंह, लछमन सिंह, किशन सिंह, जिदप्रीत कौर, कुशलदीप सिंह, अमनदीप कौर, जतिंदर उर्फ जिप्पी, विजय नेगी और परवीन रानी को आरोपी बनाया गया था। बठिंडा कैंट थाने में भी इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी।
मामले में कंपनी के एमडी अमरजीत सिंह ढींगरा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है और वह जेल में है। वहीं, कंपनी का डायरेक्टर राम सिंह वर्ष 2017 से फरार चल रहा था। अदालत ने भी उसे भगोड़ा घोषित कर रखा था। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि वह इतने साल कहां छिपा रहा और ठगी की रकम कहां गई। गिरफ्तारी से पीड़ित निवेशकों को अपनी रकम वापस मिलने की उम्मीद जगी है।
