New twist in the Ankita Bhandari case Vinod Arya has now filed a complaint against Pushpdeep.
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर चल रहे विवाद में अब नया मोड़ आ गया है। पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने अंकिता के दोस्त पुष्पदीप के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुष्पदीप ने हत्याकांड के बाद पुलिस को मामले से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी थीं। फिलहाल विनोद आर्य की शिकायत पर पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।
दरअसल, हाल ही में विनोद आर्य ने हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंकिता और पुष्पदीप के बीच हुई निजी व्हाट्सएप बातचीत के स्क्रीनशॉट सार्वजनिक किए थे। इस पर अंकिता के माता-पिता ने कड़ी आपत्ति जताई थी। उनका आरोप था कि दिवंगत बेटी की निजी बातचीत सार्वजनिक कर उसकी निजता और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाई गई है।
शिकायत पर कार्रवाई की मांग को लेकर अंकिता के माता-पिता गांधी पार्क में धरने पर भी बैठे थे। इसके बाद उन्होंने अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी। एडीजी के निर्देश के बाद राजपुर थाने में विनोद आर्य और उनके वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी।
अब विनोद आर्य की ओर से पुष्पदीप के खिलाफ तहरीर दिए जाने के बाद अंकिता भंडारी मामले से जुड़ा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। पुलिस की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।
