Political activity in Lucknow on Constitution Day SP to release its manifesto, while Chandrashekhar and Owaisi to hold a mega-rally.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गुरुवार 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर चार बड़े राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। समाजवादी पार्टी (सपा) अपने चुनावी घोषणापत्र को जारी करेगी, वहीं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी महारैली करेंगे। इसके अलावा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में संविधान रक्षा मार्च निकालेगी, जबकि भाजपा संविधान गौरव दिवस मनाएगी। इन कार्यक्रमों के जरिए प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति और एजेंडे को जनता के सामने रखेंगे।
सपा जारी करेगी ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’
उत्तर प्रदेश की सत्ता में वापसी की कोशिशों में जुटी समाजवादी पार्टी संविधान दिवस पर अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करेगी। पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ नाम से तैयार प्रण-पत्र जारी करेंगे। इसमें महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने समेत दो दर्जन से अधिक प्रमुख वादे शामिल होंगे।
सपा ने अपने चुनावी अभियान को ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रण-पत्र’ नाम दिया है। इसकी थीम ‘हर हाथ को काम, हर किसान को दाम, महिलाओं को सम्मान और कानून का मान’ रखी गई है। पार्टी प्रदेश स्तर के घोषणापत्र के साथ प्रत्येक जिले के लिए अलग मैनिफेस्टो भी तैयार कर रही है, जिसमें स्थानीय जरूरतों, बुनियादी सुविधाओं और क्षेत्रीय समस्याओं को शामिल किया जाएगा।
अखिलेश यादव पहले ही महिलाओं के लिए ‘स्त्री समृद्धि सम्मान योजना’ के तहत सालाना 40 हजार रुपये देने का प्रस्ताव रख चुके हैं। इसके अलावा गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान, किसानों के लिए रिवॉल्विंग फंड बनाने, आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म कर नियमित नौकरी देने और पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने जैसे वादे भी शामिल हैं।
पार्टी महिलाओं के सम्मान और उत्थान के साथ पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी पीडीए वर्ग को केंद्र में रखकर अपनी चुनावी रणनीति तैयार कर रही है। बेहतर कानून-व्यवस्था को लेकर भी सपा अपनी नीति और सोच जनता के सामने रखेगी। युवाओं, किसानों, कर्मचारियों और महिलाओं को जोड़कर पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपना आधार मजबूत करने की कोशिश में है।
चंद्रशेखर और ओवैसी की महारैली, सामाजिक समीकरण साधने की तैयारी
दूसरी ओर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद और एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी गुरुवार को लखनऊ में महारैली करेंगे। सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के गठन के बाद यह दोनों नेताओं की पहली बड़ी रैली होगी। इसमें सात से दस लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है।
दोनों दलों ने उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बताया गया है। मोर्चे की नजर दलित और मुस्लिम मतदाताओं पर है। रैली में सामाजिक न्याय, संविधान, आरक्षण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जा सकते हैं। इस आयोजन के जरिए दोनों दल प्रदेश में एक नए सामाजिक और राजनीतिक समीकरण का संदेश देने की तैयारी में हैं।
अनुमति नहीं मिलने के बावजूद कांग्रेस निकालेगी संविधान रक्षा मार्च
संविधान दिवस पर कांग्रेस भी लखनऊ में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में संविधान रक्षा मार्च निकालने की तैयारी में है। हालांकि, जिला प्रशासन ने मार्च की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। इसके बावजूद पार्टी ने मार्च निकालने का ऐलान किया है।
पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि मार्च सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय नेहरू भवन से शुरू होगा। इससे पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद यात्रा एनेक्सी भवन होते हुए हजरतगंज स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचेगी, जहां पुष्प अर्पित कर मार्च का समापन होगा।
पुनिया के मुताबिक, पार्टी ने शांतिपूर्ण मार्च के लिए लिखित आवेदन दिया था, लेकिन प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्र बताते हुए अनुमति नहीं दी। उन्होंने कहा कि मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप निकाला जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे। इससे पहले पार्टी कार्यालय में संविधान की प्रस्तावना की शपथ भी ली जाएगी।
पुनिया ने आरोप लगाया कि भाजपा अध्यक्ष कहीं भी जा सकते हैं, लेकिन कांग्रेस को मार्च की अनुमति नहीं दी जा रही है। उन्होंने एसआईआर के जरिए लोगों के मताधिकार को प्रभावित किए जाने का भी आरोप लगाया। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने अनुमति नहीं मिलने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा मनाएगी संविधान गौरव दिवस, ज्योतिरादित्य सिंधिया होंगे मुख्य वक्ता
वहीं, भाजपा गुरुवार को प्रदेशभर में संविधान गौरव दिवस मनाएगी। लखनऊ के भागीदारी भवन में आयोजित प्रबुद्ध जनसंवाद कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्य वक्ता होंगे। इसके अलावा सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद किया जाएगा।
प्रदेश महामंत्री और अभियान प्रभारी दिलीप पटेल के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा वर्ष 2015 से संविधान दिवस मना रही है। इस अवसर पर संविधान प्रदर्शनी, झांकियां, जिला स्तर पर पुष्पार्चन और संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया जाएगा।
इसके साथ ही भाजपा के सांसद 26 से 29 नवंबर तक उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इन कार्यक्रमों में डॉ. आंबेडकर के विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर चर्चा की जाएगी। इस तरह संविधान दिवस पर लखनऊ में चारों प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यक्रमों से प्रदेश का सियासी माहौल भी चर्चा में रहेगा।
