Demand for Chamoli’s finger millet (mandua) grows both domestically and internationally; a Gujarat-based company places an order for 1,500 metric tonnes.
उत्तराखंड के पहाड़ी उत्पादों की पहचान अब देश के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी मजबूत होने लगी है। चमोली जिले के मंडुवे की मांग लगातार बढ़ रही है। इस वर्ष कृषि विभाग को विभिन्न संस्थाओं और कंपनियों की ओर से करीब आठ करोड़ रुपये मूल्य के मंडुवे की मांग मिल चुकी है। वहीं, गुजरात की एक निजी कंपनी ने मंडुवा, झंगोरा और रामदाना की 500-500 मीट्रिक टन की बड़ी खेप खरीदने का ऑर्डर दिया है। इसके बाद कृषि विभाग ने स्थानीय उत्पादों का भंडारण शुरू कर दिया है।
मुख्य कृषि अधिकारी जेपी तिवारी के मुताबिक, चमोली जिले की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियां मंडुवे की खेती के लिए अनुकूल हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में किसान लंबे समय से परंपरागत रूप से इसकी खेती करते आ रहे हैं। कम पानी में तैयार होने वाली यह फसल पौष्टिकता से भरपूर है। पिछले वर्ष जिले में तीन हजार क्विंटल मंडुवे की बिक्री हुई थी। इस वर्ष भी इसकी अच्छी मांग देखने को मिल रही है।
देवाल के जैविक मास्टर ट्रेनर लक्ष्मण बिष्ट ने बताया कि गुजरात की निजी कंपनी ने मंडुवा, झंगोरा और रामदाना की 500-500 मीट्रिक टन की मांग की है। अगले सप्ताह कंपनी के प्रतिनिधि चमोली पहुंचकर उत्पादों की उपलब्धता और खरीद की संभावनाओं का जायजा लेंगे। वर्तमान में मंडुवा 52 रुपये 20 पैसे प्रति किलो, झंगोरा 52 रुपये और रामदाना 85 से 90 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है।
उर्गम के लक्ष्मण सिंह नेगी ने बताया कि सरकार की ओर से मंडुवा, चौलाई और राजमा समेत स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रस्तावित बोनस योजना से किसानों में खेती के प्रति उत्साह बढ़ा है। जिले में मंडुवा, झंगोरा, चौलाई, आलू, राजमा, लाल धान, उड़द, गहत, तोर, सोयाबीन, रेंस और काला भट्ट का उत्पादन होता है। इसके अलावा उच्च हिमालयी क्षेत्रों में उगल और फाफर की भी अच्छी पैदावार होती है।
लक्ष्मण बिष्ट के अनुसार, गुजरात की कंपनी मंडुवे की खरीद के बाद उसकी पैकेजिंग करती है और चीन समेत अन्य देशों में निर्यात करती है। मंडुवे का इस्तेमाल अब नूडल्स, बिस्कुट, कुकीज और मल्टीग्रेन खाद्य उत्पाद बनाने में भी किया जा रहा है। इसके आटे की भी बाजार में अच्छी मांग है। ऐसे में मंडुवा अब केवल पहाड़ों का पारंपरिक खाद्यान्न नहीं रह गया है, बल्कि किसानों की आमदनी बढ़ाने और उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने वाला महत्वपूर्ण उत्पाद बनता जा रहा है।
