Environmental clearance granted for Pantnagar Airport expansion; ₹375 crore project to bring a major transformation, including the construction of a 3,000-meter runway.
उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की करीब 375.33 करोड़ रुपये की परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के तहत एयरपोर्ट का रनवे मौजूदा 1,372 मीटर से बढ़ाकर 3,000 मीटर किया जाएगा। इससे बड़े विमानों के संचालन का रास्ता खुलेगा और क्षेत्र में हवाई सुविधाओं का विस्तार होगा।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाले राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण से मंजूरी मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फैसले का स्वागत किया। उन्होंने इसे कुमाऊं के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि एयरपोर्ट के विस्तार से पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही आपदा के समय राहत और बचाव कार्यों के लिए बेहतर हवाई सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि परियोजना के लिए किसी भी परिवार को विस्थापित या पुनर्वासित नहीं करना पड़ेगा। निर्माण कार्य पर्यावरणीय मानकों और मंजूरी की शर्तों के अनुरूप किया जाएगा।
परियोजना के तहत केवल रनवे ही नहीं, बल्कि टर्मिनल भवन, एप्रन, टैक्सीवे और अन्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। रनवे की लंबाई में 1,628 मीटर की बढ़ोतरी होगी। एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा। इसके लिए 8,500 वर्ग मीटर का नया निर्माण होगा। वहीं, विमानों की पार्किंग क्षमता दो से बढ़ाकर सात स्थानों तक की जाएगी। टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या भी एक-एक से बढ़ाकर दो-दो की जाएगी।
विस्तार के बाद पंतनगर एयरपोर्ट की सालाना यात्री प्रबंधन क्षमता करीब 10.1 लाख हो जाएगी। इससे कुमाऊं क्षेत्र में हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या को संभालने में मदद मिलेगी। एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल भी बढ़कर करीब 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसमें मौजूदा 109.017 हेक्टेयर भूमि के अलावा 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि शामिल होगी। परियोजना के लिए समतल कृषि और खुली भूमि का इस्तेमाल किया जाएगा। सरकार के अनुसार, इसके लिए किसी परिवार को विस्थापित नहीं होना पड़ेगा।
पर्यावरण संरक्षण के लिहाज से भी परियोजना में कई प्रावधान किए गए हैं। एयरपोर्ट को प्रतिदिन करीब 154 किलोलीटर पानी की आवश्यकता होगी, जबकि 136 किलोलीटर गंदा पानी निकलने का अनुमान है। इसके शोधन के लिए 165 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाया जाएगा। शोधित पानी का इस्तेमाल फ्लशिंग और बागवानी में किया जाएगा। इसके अलावा 72 किलोवाट क्षमता का नया सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित होगा, जिससे एयरपोर्ट की कुल सौर ऊर्जा क्षमता 160 से बढ़कर 232 किलोवाट हो जाएगी। बिजली की अनुमानित जरूरत 1.6 मेगावाट होगी। साथ ही 1,010 केवीए क्षमता के तीन नए डीजी सेट लगाए जाएंगे।
एयरपोर्ट परिसर में वर्तमान में 48.19 हेक्टेयर हरित क्षेत्र मौजूद है। इसके अलावा करीब पांच हेक्टेयर नया हरित क्षेत्र विकसित करने की योजना है। परियोजना को पर्यावरणीय मंजूरी राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव मूल्यांकन समिति की संस्तुति के आधार पर दी गई है। समिति ने 7 अक्टूबर और 3 नवंबर 2026 को हुई बैठकों में परियोजना की समीक्षा की। वहीं, उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 10 मार्च 2026 को जनसुनवाई कराई थी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने 29 जून 2026 को अंतिम पर्यावरण प्रभाव आकलन रिपोर्ट के साथ प्रस्ताव PARIVESH पोर्टल पर जमा किया था। अब मंजूरी की शर्तों के अनुरूप परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।
