Uttarakhand Police Constable Recruitment Applications for 1,694 posts to open on November 25; physical tests in January and written examination in April.
उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पुलिस कांस्टेबल समेत विभिन्न पदों पर कुल 1694 रिक्तियों के लिए विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर से शुरू होगी और 25 दिसंबर तक चलेगी। आयोग ने जनवरी 2027 में शारीरिक दक्षता परीक्षा और अप्रैल 2027 में लिखित परीक्षा प्रस्तावित की है। सभी भर्तियां 12वीं शैक्षिक स्तर की हैं।
आयोग के मुताबिक, अभ्यर्थी 25 नवंबर से 25 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में संशोधन का मौका 28 से 30 दिसंबर तक दिया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में पहले शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी और इसके बाद लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। शारीरिक दक्षता के लिए अलग-अलग पदों के अनुसार मानक निर्धारित किए गए हैं, जिनकी विस्तृत जानकारी भर्ती विज्ञापन में दी गई है।
इस भर्ती में एक महत्वपूर्ण शर्त भी रखी गई है। पुलिस कांस्टेबल, पीएसी और आईआरबी कांस्टेबल तथा अग्निशामक पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को अंतिम चिकित्सकीय परीक्षण में सफल होने के बाद कम से कम पांच साल तक सेवा में रहने का पत्र देना होगा। यदि कोई अभ्यर्थी पांच साल से पहले इस्तीफा देता है या अपने अनुरोध पर किसी दूसरी सेवा के लिए कार्यमुक्त होता है तो उसे नियमानुसार प्रशिक्षण पर हुआ खर्च, भुगतान किया गया स्टाइपेंड और वेतन की राशि पुलिस विभाग को लौटानी होगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह नियम पहले से लागू है, लेकिन फिलहाल इन पदों पर इसका प्रावधान रखा गया है।
पदों के अनुसार पुलिस कांस्टेबल के 464, पीएसी कांस्टेबल के 284, महिला पुलिस कांस्टेबल के 238, महिला और पुरुष फायरमैन के 201, फॉरेस्ट गार्ड के 171, स्पेशल टाइगर गार्ड के 75, बंदीरक्षक के 117, महिला बंदीरक्षक के 27, सचिवालय रक्षक के 54, आबकारी सिपाही के 45 और परिवहन आरक्षी के 18 पद शामिल हैं।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये, जबकि दिव्यांग, ईडब्ल्यूएस, एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 150 रुपये शुल्क देना होगा। अनाथ अभ्यर्थियों के लिए आवेदन निशुल्क रखा गया है। भर्ती से जुड़ी पात्रता, शारीरिक दक्षता के मानक और अन्य जरूरी जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://sssc.uk.gov.in/ पर देखी जा सकती है।
