CM Dhami offered prayers at a Chhath ghat in Khatima; he made an arghya (offering) to the rising sun and prayed for the prosperity of the state.
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सोमवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खटीमा के मेलाघाट स्थित बाइस पुल छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठ महापर्व का समापन किया। मुख्यमंत्री ने छठी मैया से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्यता बनाए रखने की कामना की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बचपन से ही खटीमा में छठ पर्व के आयोजनों में शामिल होते रहे हैं। छठ महापर्व महिलाओं की कठिन तपस्या, आस्था, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के साथ मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा एक लघु भारत की तरह है, जहां अलग-अलग समाज और समुदाय के लोग सभी त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाते हैं। उन्होंने कहा कि अपने गृह क्षेत्र में आयोजित होने वाले प्रमुख पर्वों और धार्मिक आयोजनों में लोगों के बीच मौजूद रहने का उनका हमेशा प्रयास रहता है।
मुख्यमंत्री के छठ घाट पहुंचने पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भी खुशी जाहिर की। पूजा-अर्चना और उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही घाट पर छठ महापर्व का पारंपरिक विधि-विधान से समापन हुआ।
