Shiv Prasad Chamoli from Mussoorie receives Tenzing Norgay National Adventure Award; honored by the President
देहरादून: उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है कि मसूरी के केम्पटी फॉल स्थित हिमालयन एडवेंचर इंस्टीट्यूट के संस्थापक-निदेशक शिव प्रसाद चमोली को देश के सर्वोच्च साहसिक सम्मान तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार 2024 (आजीवन उपलब्धि) से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 13 नवंबर को राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में 84 वर्षीय शिव प्रसाद चमोली को यह सम्मान प्रदान किया। पर्वतारोहण, स्कीइंग और रिवर राफ्टिंग के क्षेत्र में छह दशक से अधिक समय तक उनके उल्लेखनीय योगदान और ऐतिहासिक साहसिक अभियानों के लिए उन्हें यह पुरस्कार दिया गया है।
शिव प्रसाद चमोली की उपलब्धियों ने भारतीय पर्वतारोहण और रिवर राफ्टिंग को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है। उनके नेतृत्व में वर्ष 1981 में ग्रेट हिमालयन ट्रैवर्स अभियान पूरा किया गया था। सर एडमंड हिलेरी के संरक्षण में भारत और न्यूजीलैंड के संयुक्त दल ने कंचनजंगा से काराकोरम तक 5,000 किलोमीटर से अधिक की पैदल यात्रा की। इस दौरान 265 दिनों में हिमालय के 106 दर्रे पार किए गए। इस अभियान को आज भी विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया जाता है।
वर्ष 1991 में उन्होंने भारत-जापान के संयुक्त ब्रह्मपुत्र राफ्टिंग अभियान का नेतृत्व किया। इस अभियान में त्सांगपो गॉर्ज से गेलिंग होते हुए धुबरी तक करीब 1,100 किलोमीटर की नदी यात्रा पूरी की गई। इसे ब्रह्मपुत्र नदी पर पहली सफल राफ्टिंग और विश्व रिकॉर्ड के रूप में पहचान मिली।
उनकी प्रमुख उपलब्धियों में वर्ष 1974 में 21,640 फीट ऊंचे नीलकंठ शिखर पर पहली सफल चढ़ाई का नेतृत्व करना भी शामिल है। वर्ष 1978 में भारत के पहले स्कीइंग अभियान में उपनेता के रूप में उन्होंने केदार डोम का आरोहण किया। वर्ष 1986 में काराकोरम की सासेर कांगड़ी-III चोटी पर प्रथम आरोहण का नेतृत्व किया और इसी अभियान के बाद श्योक नदी में 105 किलोमीटर का राफ्टिंग अभियान भी पूरा किया। वर्ष 1989 में इटली में आयोजित विश्व पुलिस शीतकालीन खेलों और यूरोपीय स्की चैंपियनशिप में उन्होंने भारतीय दल का नेतृत्व किया। वर्ष 1997 में वे भारतीय पर्वतारोहण फाउंडेशन की राष्ट्रीय स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग समिति के संस्थापक अध्यक्ष बने।
भारतीय सेना में अधिकारी और बाद में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में अपर महानिदेशक के रूप में सेवाएं देने के बाद चमोली ने वर्ष 1994 में केम्पटी फॉल, मसूरी में हिमालयन एडवेंचर इंस्टीट्यूट की स्थापना की। इस संस्थान के माध्यम से अब तक 21 हजार से अधिक युवाओं, विद्यार्थियों और नागरिकों को पर्वतारोहण, रॉक क्लाइंबिंग, ट्रेकिंग और आउटडोर नेतृत्व का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इसके अलावा उत्तराखंड पुलिस, एनडीआरएफ, होमगार्ड, अग्निशमन सेवा और जिला प्रशासन के 1,420 से अधिक खोज एवं बचाव कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया है। इनमें से कई प्रशिक्षित कर्मियों ने आपदा के दौरान बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
84 वर्ष की उम्र में भी शिव प्रसाद चमोली युवाओं को साहसिक गतिविधियों, टीम निर्माण, नेतृत्व और आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दे रहे हैं। वे रॉयल ज्योग्राफिकल सोसाइटी के फेलो भी हैं। इसके साथ ही वे ‘ग्रेट हिमालयन ट्रैवर्स’ और ‘राफ्टिंग डाउन द मिस्टिक ब्रह्मपुत्र’ पुस्तकों के लेखक हैं।
तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से प्रदान किया जाता है। इस सम्मान के तहत कांस्य प्रतिमा, प्रशस्ति-पत्र और 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है। इसे देश में साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र का सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान माना जाता है।
