Union Home Minister Amit Shah arrives in Dehradun; welcomed by CM Dhami at the airport.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देहरादून पहुंच गए हैं। जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद अमित शाह हेलिकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना हुए। अपने दौरे के दौरान वे परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पुलिस लाइन रेसकोर्स में आयोजित समारोह में उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करेंगे।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर गृह मंत्री का स्वागत करने वालों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कुसुम कंडवाल, संजय नेगी, आदेश सैनी, विश्वास डाबर, डॉ. देवेंद्र भसीन, चारु माथुर कोठारी, आदित्य कोठारी, संपूर्ण सिंह रावत और बलजीत सोनी समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
उधर, परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता पहुंचे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता के हित में लगातार काम कर रही है। आने वाले पांच वर्षों में इन प्रयासों को और मजबूती के साथ धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड देश का पांचवां पूर्ण साक्षर राज्य बन गया है।
कार्यक्रम में सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और प्रदीप बत्रा सहित कई नेता मौजूद रहे। वहीं, भाजपा संगठन की ओर से सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल और दीप्ति रावत भारद्वाज ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
परेड ग्राउंड में करीब दो घंटे तक आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अमित शाह पुलिस लाइन रेसकोर्स पहुंचेंगे। यहां वे उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करेंगे। यह सम्मान प्रदेश पुलिस के लिए गौरव का अवसर माना जा रहा है। वहीं, अमित शाह के दौरे के दौरान प्रस्तावित भाजपा कोर कमेटी की बैठक किन्हीं कारणों से स्थगित कर दी गई है।
भाजपा ने गृह मंत्री की जनसभा में 35 से 40 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद जताई है। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। वे लगातार प्रदेश के विकास और स्थानीय लोगों के कल्याण के लिए सहयोग करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले हरिद्वार में गृह मंत्री के कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोग पहुंचे थे। वहीं, देहरादून की जनसभा में भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कहा कि जनता अमित शाह के विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहती है। उन्होंने कहा कि देश की समस्याओं के समाधान, उत्तराखंड के विकास और सीमाओं व आंतरिक सुरक्षा को लेकर गृह मंत्री का मार्गदर्शन प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि गृह मंत्री का यह दौरा उत्तराखंड के विकास के लिए नई सौगात लेकर आएगा।
