Kedartal trek accident Bodies of two more mountaineers recovered; death toll reaches six
उत्तरकाशी के केदारताल ट्रैक पर लापता पर्वतारोहियों की तलाश में रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को खोजबीन के दौरान दो और पर्वतारोहियों के शव बरामद किए गए। इसके साथ ही हादसे में अब तक मृत मिले पर्वतारोहियों की संख्या छह हो गई है। निम (NIM) और एसडीआरएफ की टीम ने ट्रैक पर सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों शव बरामद किए।
हालांकि, एयर टर्बुलेंस के कारण हेलिकॉप्टर से शवों को नीचे नहीं लाया जा सका। अब शुक्रवार को हेलिकॉप्टर के माध्यम से दोनों शवों को मातली हेलिपैड तक लाने की तैयारी की जा रही है। इससे पहले बुधवार तक चार पर्वतारोहियों के शव बरामद किए जा चुके थे। इनमें लखनऊ निवासी सगी बहनें दीपिका वर्मा और वर्तिका वर्मा भी शामिल थीं।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं ने बताया कि बृहस्पतिवार को दो और शव बरामद हुए हैं, लेकिन खराब हवाई परिस्थितियों और एयर टर्बुलेंस के चलते उन्हें नीचे नहीं लाया जा सका। शुक्रवार को हेलिकॉप्टर की मदद से शवों को नीचे लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद अभी भी दो पर्वतारोही लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
