Amit Shah to arrive in Dehradun; will address a public meeting during the state festival and present the 'President's Colour' to the Uttarakhand Police.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज देहरादून दौरे पर रहेंगे। उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में वे परेड ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पुलिस लाइन रेसकोर्स में आयोजित समारोह में उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करेंगे। यह सम्मान उत्तराखंड पुलिस के लिए गौरव का क्षण होगा।
तय कार्यक्रम के अनुसार, गृह मंत्री अमित शाह सुबह करीब 11:50 बजे परेड ग्राउंड पहुंचेंगे और राज्योत्सव समारोह में शामिल होंगे। यहां वे करीब दो घंटे तक कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 1:50 बजे पुलिस लाइन रेसकोर्स पहुंचकर उत्तराखंड पुलिस के राष्ट्रपति निशान अलंकरण समारोह में शिरकत करेंगे। इस दौरान वे पुलिस को राष्ट्रपति कलर सौंपेंगे। अमित शाह के दौरे में भाजपा कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित थी, लेकिन किन्हीं कारणों से इसे टाल दिया गया है।
भाजपा ने गृह मंत्री की जनसभा में 35 से 40 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद जताई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अमित शाह को सुनने के लिए कार्यकर्ताओं और आम लोगों में खासा उत्साह है। पार्टी मुख्यालय में तैयारियों की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि उत्तराखंड, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के लिए विशेष महत्व रखता है। वे लगातार बैठकों और प्रवास के माध्यम से प्रदेश के विकास और स्थानीय लोगों के कल्याण में सहयोग करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि हरिद्वार में गृह मंत्री के कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोग पहुंचे थे और देहरादून की जनसभा में भी 35 से 40 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
वहीं, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कहा कि जनता अमित शाह के विचारों को सुनने के लिए उत्सुक रहती है। उन्होंने कहा कि देश की समस्याओं के समाधान, उत्तराखंड के विकास और सीमाओं व आंतरिक सुरक्षा को लेकर गृह मंत्री का मार्गदर्शन प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि गृह मंत्री का यह दौरा उत्तराखंड के विकास के लिए नई सौगात लेकर आएगा।
