CM Dhami interacted with 8 lakh school children during the 'Dil Ki Baat, Uncle Dhami Ke Saath' programme.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से ‘दिल की बात, अंकल धामी के साथ’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के करीब आठ लाख स्कूली बच्चों से वर्चुअल संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनके परिवार और दीपावली की तैयारियों के बारे में बातचीत की। उन्होंने कहा कि त्योहार परिवार और समाज को जोड़ने के साथ ही हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम हैं। उन्होंने बच्चों से घर की साफ-सफाई में परिवार का सहयोग करने और स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
धामी ने बच्चों को दीपावली पर मिट्टी के दीये जलाने और स्थानीय कारीगरों के बनाए उत्पाद खरीदने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय कुम्हारों और कारीगरों की आजीविका को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही बच्चों को पटाखों से दूर रहने और दीये व फुलझड़ियां जलाते समय बड़ों की देखरेख में रहने की सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए पढ़ाई के साथ खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भी भाग लेने को कहा। उन्होंने कहा कि लक्ष्य हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प जरूरी है।
उन्होंने बताया कि भविष्य में इस कार्यक्रम को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डिजिटल तकनीक के माध्यम से और उपयोगी बनाया जाएगा, ताकि बच्चों को प्रेरक और जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे पहले ढाई लाख से अधिक विद्यार्थियों ने निबंध के माध्यम से उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विचार और सुझाव साझा किए थे। बच्चों के उपयोगी सुझावों पर भविष्य की योजनाओं और नीतियों में भी विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा और नई सोच विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगी।
