Search intensified for 8 mountaineers missing at Kedartal; NIM-SDRF team arrives by helicopter for rescue operations.
उत्तरकाशी के केदारताल ट्रैक पर लापता आठ पर्वतारोहियों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया गया है। सोमवार सुबह देहरादून से हेलिकॉप्टर हर्षिल के लिए रवाना हुआ। इसके बाद NIM के दो और SDRF के छह जवानों समेत कुल आठ रेस्क्यू कर्मियों को हेलिकॉप्टर से अभियान के लिए भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर सुबह 7:35 बजे देहरादून से रवाना हुआ और करीब 8:10 बजे हर्षिल पहुंचा। इसके बाद 8:35 बजे रेस्क्यू टीम को केदारताल अभियान के लिए रवाना किया गया। टीम लापता पर्वतारोहियों की आखिरी बताई गई लोकेशन पर पहुंचकर तलाश करेगी।
इससे पहले रविवार को SDRF ने भोजखड़क और कच्ची ढांग के आसपास हेलिकॉप्टर से सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन पर्वतारोहियों की कोई लोकेशन नहीं मिल पाई। NDRF की टीम ने भी ट्रैक पर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दुल गुसाईं के मुताबिक, संबंधित क्षेत्र में गहरी खाइयां और संकरी घाटियां होने के कारण हेलिकॉप्टर को नीचे उतारने में परेशानी हुई। वहीं, पैदल सर्च अभियान में भी लापता पर्वतारोहियों का कोई सुराग नहीं मिला।
बता दें कि 27 अक्टूबर को 12 लोगों का दल केदारताल ट्रैक पर गया था। इनमें पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के सात ट्रैकर और एक गाइड हिमस्खलन के बाद भोजखड़क के आसपास लापता हो गए थे। वहीं, दल के तीन पोर्टर और एक कुक सुरक्षित गंगोत्री पहुंच गए थे। उन्होंने ही अधिकारियों को घटना की जानकारी दी थी।
31 अक्टूबर से SDRF, NDRF और वन विभाग की टीमें लगातार तलाश अभियान चला रही हैं। अब NIM और SDRF की प्रशिक्षित टीम से लापता पर्वतारोहियों का पता लगाने की उम्मीद है।
