Biting cold intensifies in Badrinath Dham due to snowfall; weather across the state expected to bring relief before Diwali.
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। बदरीनाथ धाम में बर्फबारी के बाद चोटियां और आसपास का पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और तापमान में गिरावट के चलते ठिठुरन भी बढ़ गई है। सर्द हवाओं के बीच बदरीनाथ का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है।
वहीं, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दीपावली से पहले प्रदेशवासियों को ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। सूर्य की चमक बढ़ने के साथ पहाड़ से लेकर मैदान तक सामान्य तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
हालांकि, सोमवार यानी 2 नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 3400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का अनुमान जताया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा। वहीं, 3 से 7 नवंबर तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। ऐसे में आने वाले दिनों में धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
