Sports Department will not wait for SOP approval; preparations for National Games begin
मेघालय में फरवरी-मार्च 2027 में प्रस्तावित राष्ट्रीय खेलों को लेकर उत्तराखंड का खेल विभाग तैयारियों में जुटने जा रहा है। एसओपी को मंजूरी मिलने में हो रही देरी के बावजूद विभाग ने तैयारी शुरू करने का फैसला लिया है। विभाग का कहना है कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के लिए इंतजार नहीं किया जा सकता।
विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा के मुताबिक, एसओपी का प्रस्ताव फिलहाल वित्त विभाग में लंबित है। हालांकि, इसकी मंजूरी की प्रक्रिया अलग से जारी रहेगी और राष्ट्रीय खेलों की तैयारियां प्रभावित नहीं होने दी जाएंगी। विभाग खेल स्थलों, खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, आधारभूत सुविधाओं और आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं पर काम शुरू करेगा।
वहीं, अपर निदेशक खेल एवं युवा कल्याण अजय अग्रवाल ने बताया कि एसओपी का प्रस्ताव निदेशालय की ओर से शासन को भेजा जा चुका है। वित्त विभाग ने इस पर कुछ आपत्तियां लगाई थीं, जिनका निपटारा कर प्रस्ताव दोबारा शासन को भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि फिजियोथेरेपिस्ट की तैनाती को लेकर भी आपत्ति सामने आई थी।
राष्ट्रीय खेलों से पहले खिलाड़ियों के विशेष प्रशिक्षण कैंप लगाने, खेल संघों के माध्यम से खिलाड़ियों का चयन करने, कोच और फिजियोथेरेपिस्ट की तैनाती के साथ जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करनी है। ऐसे में तैयारियों के लिए समय लगातार कम होता जा रहा है।
इधर, प्रमुख सचिव वित्त आरके सुधांशु ने कहा है कि एसओपी का प्रस्ताव किस स्तर पर लंबित है, इसकी जानकारी ली जाएगी और मामला सामने आने पर जल्द निस्तारण किया जाएगा। वहीं, खेल विभाग का कहना है कि पर्याप्त बजट उपलब्ध है और एसओपी की मंजूरी का इंतजार किए बिना तैयारियां शुरू की जाएंगी।
