Search for Girdhari Lal Sahu intensifies; SIT conducts raids to apprehend his close associate, Satendra Rathore.
देहरादून। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू की तलाश में जुटी विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने अब उनके करीबी सतेंद्र राठौर की तलाश तेज कर दी है। एसआईटी सतेंद्र की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस को उम्मीद है कि उससे पूछताछ में गिरधारी के ठिकानों, संपर्कों और मामले से जुड़े कई अहम पहलुओं की जानकारी मिल सकती है। जांच के दौरान एसआईटी को गिरधारी की आवाजाही और उनके करीबियों से जुड़े नए तथ्य भी मिले हैं। वहीं, पुलिस ने गिरधारी की एक करीबी युवती से भी पूछताछ की है।
जांच के अनुसार, गिरधारी लाल साहू बरेली से निकलकर बस्ती पहुंचे और इसके बाद सनौली बॉर्डर के रास्ते नेपाल में प्रवेश कर गए। एसआईटी उनकी तलाश में छह से अधिक संभावित ठिकानों पर दबिश दे चुकी है, लेकिन अभी तक उनका पता नहीं चल पाया है। टीम अब उनके संपर्क में रहे लोगों की भूमिका और गतिविधियों की भी जांच कर रही है। इसी कड़ी में सतेंद्र राठौर की तलाश तेज की गई है।
रेखा आर्या की शिकायत पर 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में गिरधारी लाल साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसमें मारपीट, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, धोखाधड़ी और दस्तावेजों में कथित जालसाजी समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मंत्री ने एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप भी लगाया है। एसआईटी इस ऑडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज चुकी है।
एसपी ग्रामीण जया बलूनी के नेतृत्व में गठित एसआईटी अब तक पांच लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। कुछ करीबियों को देहरादून बुलाकर भी पूछताछ की गई है। टीम बरेली और अन्य स्थानों से जुटाए गए दस्तावेजों और बयानों का मिलान कर रही है। जांच में गिरधारी के संपर्कों, उनके करीबियों की भूमिका और शिकायत में लगाए गए आरोपों की तथ्यात्मक पुष्टि पर ध्यान दिया जा रहा है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि मामले की जांच जारी है। कई अहम साक्ष्य जुटाने के बाद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पूछताछ में सामने आया सतेंद्र राठौर का नाम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसआईटी की जांच के दौरान दर्ज किए गए बयानों में सतेंद्र राठौर का नाम सामने आया है। उसे गिरधारी लाल साहू का करीबी माना जाता है। बताया जा रहा है कि उसे कंपनियों के रिकॉर्ड और अन्य संपत्तियों से जुड़ी जानकारी है। पुलिस को उम्मीद है कि सतेंद्र से पूछताछ के बाद मामले में कई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। इसी वजह से एसआईटी उसकी तलाश में जुटी है।
