Questions raised following the Jyotirmath helicopter crash how did helicopters continue to fly in poor weather conditions
चमोली। ज्योतिर्मठ के पास हुए हेलीकॉप्टर हादसे में छह लोगों की मौत के बाद हेली सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हादसे की संभावित वजह खराब मौसम और तकनीकी खराबी मानी जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। खराब मौसम में हेलीकॉप्टरों की उड़ान को लेकर प्रदेश सरकार की ओर से सख्त मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) लागू किए जाने के बावजूद उड़ानों का संचालन कैसे होता रहा, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।
चमोली जिले में बृहस्पतिवार से ही मौसम खराब था। शुक्रवार सुबह से बारिश जारी थी और चोटियों से लेकर घाटियों तक कोहरा छाया हुआ था। इसके बावजूद हेलीकॉप्टरों की उड़ान जारी रहने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि खराब मौसम में उड़ानों पर निगरानी रखने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार व्यवस्था ने क्या कदम उठाए।
जून 2025 में केदारघाटी में हुए बड़े हेलीकॉप्टर हादसे के बाद भी खराब मौसम को लेकर सवाल उठे थे। उस घटना के बाद प्रदेश सरकार ने हेली सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, हेलीकॉप्टरों की तकनीकी जांच के लिए सख्त एसओपी तैयार करने और समीक्षा समिति गठित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सरकार की ओर से सुरक्षा संबंधी मानक संचालन प्रक्रिया लागू की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हेली सेवाओं की सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश दिए थे। एसओपी के तहत खराब मौसम में उड़ानों, हेलीकॉप्टरों की निर्धारित क्षमता से अधिक भार और उड़ान मार्गों की निगरानी पर विशेष जोर दिया गया है। इसके बावजूद ज्योतिर्मठ के पास हुए हादसे ने सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
शुक्रवार को मौसम खराब होने के बावजूद हेलीकॉप्टरों के लगातार उड़ान भरने को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। क्या उड़ान से पहले मौसम का सही आकलन किया गया था? क्या निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन हुआ? और क्या संबंधित एजेंसियों की ओर से उड़ानों की निगरानी की जा रही थी? इन सवालों के जवाब हादसे की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
फिलहाल, हादसे की वास्तविक वजह सामने आना बाकी है। जांच में यह स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा कि दुर्घटना खराब मौसम, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हुई और क्या उड़ान संचालन के दौरान निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था।
