Major reshuffle in Doon Police; 28 sub-inspectors assigned new postings
देहरादून। दून पुलिस की व्यवस्था में बदलाव करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने 28 उपनिरीक्षकों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस फेरबदल में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई चौकियों के प्रभारियों को बदला गया है। वहीं, पुलिस लाइन और एसएसपी कार्यालय में तैनात कुछ उपनिरीक्षकों को भी फील्ड में नई तैनाती दी गई है।
आशारोड़ी चौकी प्रभारी विवेक भंडारी को सहसपुर में वरिष्ठ उपनिरीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कालसी चौकी प्रभारी संदीप पंवार को सेलाकुई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बनाया गया है। वहीं, आराघर चौकी प्रभारी अश्वनी बलोनी अब ऋषिकेश की त्रिवेणीघाट चौकी का प्रभार संभालेंगे। त्रिवेणीघाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार को आराघर चौकी भेजा गया है।
एसएसपी कैंप कार्यालय में तैनात रविंद्र नेगी को हर्रावाला चौकी प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा कुठालगेट, मयूर विहार, लालतप्पड़, श्यामपुर और बालावाला चौकियों में भी नए प्रभारियों की तैनाती की गई है।
तबादला सूची में शामिल अन्य उपनिरीक्षकों को भी जिले के अलग-अलग थानों और पुलिस इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के तहत पुलिस की कार्यप्रणाली को व्यवस्थित करने और विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया है।
