Congress's 'Nyay Yatra' (Justice March) in Doiwala; Pritam Singh demands justice for Ankita Bhandari.
उत्तराखंड कांग्रेस की न्याय यात्रा शुक्रवार को विधायक और कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में डोईवाला में निकाली गई। यात्रा की शुरुआत ब्लॉक मुख्यालय से हुई, जो प्रेमनगर बाजार होते हुए रतन निर्मल फार्म पहुंची। यहां यात्रा जनसभा में तब्दील हो गई। इसमें कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रीतम सिंह ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर भ्रष्टाचार और कुशासन के आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता कई तरह की समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस न्याय यात्रा के जरिए अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, जनसमस्याओं के समाधान और जनता की आवाज उठाने का प्रयास कर रही है।
वहीं, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि भाजपा शासन में जनता खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग को प्रमुखता से उठाया।
यात्रा को ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सोनी भावना समेत कई जनप्रतिनिधियों और कांग्रेस नेताओं ने समर्थन दिया। वक्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
